लोहाघाट के मंगोली गांव में हुई भारी ओलावृष्टि से चौपट हुई फसल को निहारता वृद्घ किसान।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में शुक्रवार की रात तेज अंधड़ और भारी बरसात के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। तेज हवा के कारण बिजली की लाईनें टूटने से जिला मुख्यालय रात भर अंधेरे में डूबा रहा। ऊर्जा निगम द्वारा शनिवार को सुबह सात बजे बिजली आपूर्ति सुचारु करने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
बरसात के कारण जहां पेयजल समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है, वहीं आलू की फसल को लेकर भी बेहतरीन मौसम हो गया है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्र में गेंहू की फसल को भी जीवनदान मिला है। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटे में चंपावत में 15 एमएम, लोहाघाट 6 एमएम, पाटी में 4 एमएम बरसात रिकार्ड की गई है।
ओलावृष्टि से फसलों को हुआ काफी नुकसान
लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट ब्लाक के मंगोली ग्राम पंचायत में शनिवार की रात हुई मूसलाधार वर्षा और ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। ग्राम प्रधान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष चांद सिंह बोहरा ने एसडीएम को ज्ञापन देकर किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। बोहरा का कहना है कि शनिवार को हुई भारी ओलावृष्टि के कारण ग्राम पंचायत मंगोली में काश्तकारों की गेहूं, आलू, प्याज की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।