सिप्टी-अमकड़िया मोटर मार्ग में जेसीबी चलाकर काम की शुरुआत करते जन प्रतिनिधि व ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार का दिन क्वैराला घाटी के सिमाड़, जमतोला, सैंदर्क, कोयाटी, मटेला, अमकड़िया, ग्वाड़, भंतोला, नंदोला, दुनियां, ओखलढुंगा, मिर्तोला आदि गांवों लोगों के लिए किसी सपने से कम नहीं था। 13 साल तक सड़क के लिए संघर्ष करने के बाद शनिवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 14.15 किमी लंबी सिप्टी-अमकड़िया मोटर मार्ग की कटिंग शुरू हो गई है। विधायक कैलाश चंद्र गहतोड़ी ने रिबन काटकर कटिंग कार्य का शुभारंभ किया।
शुभारंभ कार्यक्रम में पंडित बृजेश जोशी ने पूजा-अर्चना कराई। क्वैराला घाटी समग्र विकास जन मंच के संयोजक जनकवि डॉ. प्रकाश जोशी शूल ने ग्रामीणों की ओर से शॉल ओढ़ाकर विधायक का सम्मान किया। भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश जोशी के संचालन में हुए कार्यक्रम में कहा गया कि सड़क से 17 गांवों में विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
पीएमजीएसवाई के चंपावत डिवीजन के अधिशासी अभियंता एके वर्मन ने बताया कि 826.21 लाख की लागत से बनने वाली इस सड़क की कटिंग 18 महीने में पूरी हो जाएगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली, दुग्ध संघ अध्यक्ष नवीन तड़ागी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुकेश महराना, बसंत तड़ागी, मुकेश कलखुड़िया, श्याम सिंह, बीडीसी सदस्य घनश्याम भट्ट, राजेश कुमार, जगदीश राम आदि मौजूद थे।