जिले में ड्रग्स निरोधक और खनन निरोधक दस्ते का गठन कर इनके कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी रामचंद्र राजगुरू ने बताया है कि जिले में अवैध ड्रग्स और खनन पर सख्ती से रोक लगाने के लिए गठित दस्तों की जिम्मेदारी सीओ चंपावत और टनकपुर को दी गई है। सीओ चंपावत केएस कफलिया को ड्रग्स नियंत्रण दस्ते का नोडल तथा सीओ टनकपुर राजन सिंह रौतेला को अवैध खनन नियंत्रण दस्ते का नोडल नामित किया गया है।
उन्होंने कहा है कि प्रभारी निरीक्षक टनकपुर, प्रभारी निरीक्षक चंपावत, थानाध्यक्ष बनबसा, तामली, पाटी, लोहाघाट, प्रभारी कोतवाल पंचेश्वर, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह बुर्फाल और कांस्टेबल बसंत लाल को ड्रग्स नियंत्रण दस्ते का सदस्य तथा प्रभारी निरीक्षक टनकपुर, चंपावत, थानाध्यक्ष लोहाघाट, पाटी, रीठासाहिब के साथ थाना टनकपुर के हेड कंास्टेबल ईश्वरी दत्त शर्मा और कांस्टेबल बिहारी लाल को खनन निरोधक दस्ते का सदस्य नामित किया गया है। यह सभी जिले में अवैध ड्रग्स और खनन पर पैनी नजर रखने के साथ ही छापामार कार्रवाई कर उसकी सूचना उन्हें और डीएम कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
मोबाइल पर दे सकते हैं अवैध खनन की सूचना
चंपावत। एसपी आरसी राजगुरू ने जिले के आम नागरिकों से अपील की है कि वह जिले में किसी भी प्रकार की अवैध ड्रग्स अथवा खनन पाए जाने पर उसकी सूचना मोबाइल फोन पर दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की सूचना उनके मोबाइल 9411112707 और आईजी कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल के मोबाइल 9411112123 पर दे सकते हैं। उन्होंने कहा है कि सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।