चंपावत में पाले से फटी पेयजल लाइन।
- फोटो : चंपावत
चंपावत और आसपास के क्षेत्रों में भारी मात्रा में गिर रहे पाले और ठंड से कुछ जगह पेयजल लाइनें फट रही हैं। पाइप लाइन फटने से पानी बर्बाद हो रहा है। लीकेज को रोकने के लिए प्लास्टिक बांधकर काम चलाया जा रहा है। वहीं, लोगों को पानी की किल्लत से दो-चार होना पड़ रहा है।
शनिवार को चंपावत में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ठंडी हवाओं के साथ पाला के गिरने से हाड़ कंपा देने वाली ठंड हो रही है। वहीं पाले की मार से राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे गैस गोदाम के पास छोटी पाइप लाइन फट गई है।
इससे बहने वाले पानी से इस जगह पर कीचड़ बन गया है। लोगों को आवाजाही में भी दुश्वारी हो रही है। जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता किशोर पंत का कहना है कि फटी पेयजल लाइन को जल्द ठीक कराया जाएगा। फिलहाल लीकेज को रोकने के लिए प्लास्टिक बांध कर काम चलाया जा रहा है।