लोहाघाट के शिवालय मंदिर में राजस्थान से पहुंची राम दरवार की मूर्तियों की पूजा अर्चना करते लोग।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। श्री राम सेवा रामलीला कमेटी की पहल पर राजस्थान से श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान की मूर्तियां लोहाघाट पहुंच गई हैं। इन मूर्तियों पूजा अर्चना के बाद ढोल नगाड़ों के साथ रामलीला मंच तक लाया गया।
शनिवार को कमेटी के अध्यक्ष जीवन मेहता के निर्देशन में शिवालय, मंदिर, देवीधार आदि मंदिरों में पूजा अर्चना के बाद शिवालय मंदिर में मूर्तियों की पूजा अर्चना की गई। इस दौरान 12 गांवों के देवडांगर भी मौजूद थे। अध्यक्ष मेहता ने बताया कि नगर में निर्माणाधीन राम मंदिर में क्षेत्रीय विधायक पूरन सिंह फर्त्याल और पूर्व जिपं सदस्य सुषमा फर्त्याल की ओर से मूर्तियां भेंट की गई हैं। मेहता ने बताया कि चैत्र नवरात्र में पूर्ण विधिविधान के साथ मूर्तियों की प्राणप्रतिष्ठा कर उन्हें राम मंदिर में स्थापित किया जाएगा। शिवालय मंदिर में विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, सुषमा फर्त्याल, स्वामी मोहनानंद तीर्थ, प्रहलाद सिंह मेहता, चेयरमैन गोविंद वर्मा आदि ने मूर्तियों की पूजा अर्चना की। बाद में नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए मूर्तियों को ढोल नगाड़ों के साथ रामलीला मंच तक ले जाया गया। यहां नरेश राय, कैलाश बगौली, मुकेश साह, दीपक सुतेड़ी, क्षितिज जुकरिया, ईश्वरी साह, किरन पुनेठा, कमला पुनेठा, मीना ढेक, गीता मेहता, नवीन जोशी, गणेश खर्कवाल आदि मौजूद रहे।