डीएम के निर्देश पर एसडीएम और तहसीलदार ने लोहाघाट के कई कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई कार्यालयों में कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जबकि सीएचसी लोहाघाट में ताले लटके मिले। एसडीएम के आदेश के आधे घंटे बाद इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक के अस्पताल में पहुंचने पर एसडीएम बिफर पड़े। औचक निरीक्षण की सूचना मिलते ही कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
शनिवार को एसडीएम आरसी गौतम ने तहसील, लोनिवि, सिंचाई, बाल विकास परियोजना, कृषि भूमि संरक्षण, खंड विकास अधिकारी, सीएचसी, बीआरसी, खंड शिक्षाधिकारी, उप शिक्षाधिकारी कार्यालय, जल संस्थान कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लोनिवि, सिंचाई, कृषि एवं भूमि संरक्षण, विकासखंड में कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ताले लटके मिले।
एसडीएम गौतम ने बताया कि करीब चार बजे अस्पताल के निरीक्षण के दौरान एकमात्र स्टाफ नर्स कार्यरत मिली। उसके बाद सूचना मिलते ही कई अन्य कर्मचारी अस्पताल में आनन फानन में पहुंचे। अस्पताल में इमरजेंसी डॉक्टर के न मिलने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। अस्पताल में गंदगी देख एसडीएम ने नाराजगी जताई।
उन्होंने अस्पताल में इमरजेंसी में तैनात होने वाले कर्मचारियों के नाम, पद नाम और उनके मोबाइल नंबर प्रतिदिन बोर्ड पर अंकित करने के निर्देश दिए। तहसीलदार अबरार अहमद ने जीजीआईसी, नगर पंचायत, विद्युत विभाग, रोडवेज, बीएसएनएल कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जीजीआईसी में दो शिक्षिकाएं बिना अवकाश के अनुपस्थित पाई गईं। एसडीएम ने बताया कि औचक निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर डीएम को भेजी जा रही है।