डीएम ने ली शिक्षा अधिकारियों की बैठक
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत। डीएम डॉ. अहमद इकबाल ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि पैदा जगाने को कहा। उन्होंने प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए स्पेलिंग (वर्तनी), रीडिंग (पढ़ाई) प्रतियोगिताएं आयोजित करने के भी निर्देश दिए हैं। जिला कार्यालय सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में डीएम ने बच्चों में वर्तनी एवं पढ़ाई में खास जोर देते हुए कहा कि इस ओर शिक्षकों के साथ अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका को नकारा नहीं जा सकता।
उन्होंने शिक्षा से जुड़े एनजीओ की रुचिकर शिक्षा के प्रति भागीदारी सुनिश्चित करने, बच्चों के अभिभावकों को शिक्षा से जोड़ने, शिक्षा को रुचिकर बनाने के साथ-साथ अभिभावकों, शिक्षकों एवं बच्चों को लाइब्रेरी से जोड़ने के निर्देश शिक्षाधिकारी और एनजीओ प्रबंधकों को दिए। कहा कि ज्ञान अर्जन की कोई आयु नहीं होती है, इसलिए पुस्तकालयों में रखी पुस्तकों को बच्चों के पढ़ने के साथ ही अभिभावकों को भी उपलब्ध कराई जाएं ताकि उन्हें भी पढ़ाई के साथ जोड़ा जाए।
बैठक में मुख्य शिक्षाधिकारी एनसी पाठक, प्राचार्य डायट कैलाश चंद्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैली प्रजापति, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक सत्यनारायण, कार्यक्रम प्रभारी अवनीश शर्मा, समन्वयक अजय कुमार चौबे, रूम टू रीड संस्था के प्रतिनिधि सुभाष ममगांई आदि थे।