कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से घोषित स्नातक प्रथम और द्वितीय सेेमेस्टर के अंक पत्रों में भारी गड़बड़ी के चलते छात्र-छात्राओं ने कक्षाओं का बहिष्कार कर नाराजगी जताई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की अगुवाई में छात्र-छात्राओं ने बुधवार को कक्षाओं का बहिष्कार कर नारेबाजी की। उन्होंने समय रहते अंक पत्रों में हुई गड़बड़ी को ठीक न किए जाने पर छात्रसंघ चुनाव का बहिष्कार करने के साथ विश्वविद्यालय के मुख्य कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी भी दी।
एबीवीपी के जिला संयोजक विनोद बगौली, छात्र नेता मनीष खर्कवाल, इंदर ढेक, दीपक फर्त्याल, रोहित मेहता का कहना था कि कुछ दिन पूर्व कुमाऊं विश्वविद्यालय द्वारा बीए, बीएससी, बीकॉम प्रथम व द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षाफल घोषित किया गया था। जिसमें करीब 80 फीसदी छात्र-छात्राओं के परीक्षाफल में गड़बड़ी पाई गई थी। उनका कहना था कि बीएससी द्वितीय सेमेस्टर के मेधावी छात्र मनीष खर्कवाल को 75 में से मात्र 10 अंक, नमिता ओली को 7 अंक दिए गए हैं। इसी प्रकार सचिन पांडेय का गणित विषय नहीं दर्शाया गया है। जबकि अधिकांश छात्र छात्राओं को एक अंक कम देकर फेल किया गया है।
छात्रों का कहना था कि अंकपत्रों में सुधार की मांग को लेकर एक सप्ताह पूर्व भी कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन भेजा था। लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। इससे छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। प्रदर्शन करने वालों में हरीश गिरि, कमल सिंह, गौरवांश जोशी, सूरज जोशी, लोकेश पांडेय, निर्मल बोहरा, मुकुंद पांडेय, सागर बोहरा, गौरव, विनीता, रेनू, दीपा, सुमन आदि छात्र-छात्राएं शामिल थे।