चंपावत में वीसी के जरिए मंडलायुक्त से बात करते डीएम।
मंडलायुक्त राजीव रौतेला ने जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर-बनबसा में बाढ़ के मद्देनजर अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने शारदा बैराज और टनकपुर के संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करने को कहा। इसके अलावा इन क्षेत्रों की आबादी और पशुओं का आंकलन करने को भी कहा गया। आपदा नियंत्रण केंद्रों को अलर्ट रहने को कहा गया है।
जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के अलावा तहसीलों में बनाए गए नियंत्रण कक्षों में जरूरी उपकरणों की उपलब्धता के साथ ही संचार तंत्र को मजबूत बनाने पर जोर दिया। मंडलायुक्त ने जिले भर में संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। इस काम के लिए उन्होंने प्रधानों, राशन विक्रेताओं, ग्राम प्रहरियों, मनरेगा, राजस्व और वन कर्मियों का सहयोग लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने समय-समय मॉक ड्रिल करने को भी कहा। बारहमासी सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त हुए पुल और सड़कों की शीघ्र मरम्मत करने की हिदायत भी दी गई। डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने आपदा से बचाव को उठाए गए कदमों की जानकारी दी। वहां एडीएम हेमंत वर्मा, सीडीओ एसएस बिष्ट, सीएमओ डॉ.आरपी खंडूरी, पीडी हरगोविंद भट्ट, सीईओ आरसी पुरोहित, ईई बीसी पंत, एलडी मथेला, डीएमओ मनोज पांडेय आदि थे।