एक बार फिर से इस सीमा पर पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया विभागों को खास तौर पर सतर्क रहने को कहा गया है। स्वतंत्रता दिवस पर श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) में हुई वारदात के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां खास सजग हैं।
स्वतंत्रता दिवस का पर्व क्षेत्र में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। बहरहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने क्षेत्र को हाई अलर्ट कर सघन निगरानी की। आगे भी भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस पर श्रीनगर में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-नेपाल सीमा पर फिर से पुलिस और सुरक्षा बलों को सतर्क किया गया है।
एसएसबी 57वीं वाहिनी के कमांडेंट केसी राना ने बताया कि हालांकि एसएसबी को भारत-नेपाल सीमा पर पहले से ही हाई अलर्ट किया गया है। श्रीनगर में हुए हमले के बाद एसएसबी को सीमा पर और अधिक सतर्क रहने को कहा गया है। भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी अनजान और संदिग्धों पर खास नजर रख रही है।
बनबसा स्थित एफ कंपनी के प्रभारी एसआई हरसुख चौहान के नेतृत्व में जवान सैलानीगोठ से बनबसा सीमा तक और धनुषपुल स्थित डी कंपनी प्रभारी एसआई कलजी सोढा के नेतृत्व में बंगाली कालोनी, गढ़ीगोठ, धनुषपुल तक सघन पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजन सिंह रौतेला ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस को पहले से ही सीमा पर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।