चंपावत। लोहाघाट और चंपावत के लोगों के लिए बरेली, काशीपुर और नैनीताल जाना आसान नहीं हो रहा है। बसों की कमी से जूझ रहे रोडवेज डिपो के पास वर्तमान में 33 बसें हैं। इसमें से पहाड़ में चलने के मानक पूरी कर चुकी छह बसों का संचालन टनकपुर से हो रहा है। ऐसे में कई बार काशीपुर, बरेली और नैनीताल तक नियमित रूप से कई बार बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है।
वर्तमान लोहाघाट रोडवेज डिपो दिल्ली, देहरादून, गुरुग्राम आदि क्षेत्रों के लिए बसों का संचालन कर रहा है। छह बसें टनकपुर से संचालित होने के चलते कई बार बरेली, काशीपुर और नैनीताल के रूट कट हो रहा है। हालांकि बरेली के लिए दो बसों का संचालन किया जाता है लेकिन कई बार रूट कट होने के चलते एक ही बस संचालित की जा रही है। इससे कई बार बरेली, पीलीभीत जाने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नैनीताल और काशीपुर जाने के लिए यात्रियों को संघर्ष करना पड़ रहा है। लोहाघाट रोडवेज डिपो के एजीएम धीरज वर्मा ने बताया कि डिपो में वर्तमान में 27 बसों का संचालन लोहाघाट से किया जा रहा है। 14 नई बसों में से 12 का संचालन दिल्ली और दो बस देहरादून रूट पर संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि शासन से बसों की मांग की गई हैं। पर्याप्त बसें मिलने के बाद नियमित रूप से सभी रूटों पर संचालन किया जाएगा।