भारी बरसात से मां पूर्णागिरि धाम में मुख्य मंदिर से करीब डेढ़ सौ मीटर नीचे पैदल मार्ग पर पहाड़ी से गिरे भारी मलबे को आठवें दिन हटा दिया। लोनिवि अधिकारियों ने बताया कि पैदल मार्ग की मरम्मत कर दी गई है। इसकी रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय में सौंपी जा रही है। प्रशासन ही मार्ग पर आवाजाही का निर्णय लेगा।
जुलाई के पहले सप्ताह में हुई भारी बरसात से मां पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में जगह-जगह मलबा गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया था। इस बीच प्रशासन ने लोनिवि को मार्ग खोलने के निर्देश दिए। प्रशासन ने मलबा आने के बाद दर्शन पर रोक लगाई थी।
इन दिनों दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं को दर्शन की व्यवस्था काली मंदिर के पास मुख्य द्वार पर की जा रही थी। इधर, लोनिवि जेई बीएस पोखरिया ने बताया कि मुख्य मंदिर से करीब डेढ़ सौ मीटर नीचे पैदल मार्ग पर गिरे मलबे को हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी से भारी मलबा आने से टिनशेड भी क्षतिग्रस्त हुआ। मलबा हटाने की रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी जा रही है।