प्रथम नवरात्र के मौके पर रामेश्वर घाट में पूजा अर्चना करते देव डांगर व लोग। संवाद
लोहाघाट (चंपावत)। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रामेश्वर, पंचेश्वर तीर्थस्थल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इन घाटों पर पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं और देव डांगरों ने स्नान किया। देवी देवताओं के आयुधों को स्नान कराया। लोहाघाट के ऋषेश्वर महादेव मंदिर, देवीधार स्थित मां भगवती मंदिर, मां अखिलतारिणी मंदिर, मां झुमाधुरी मंदिर, सुईं के मां भगवती, आदित्य महादेव, मस्टा मंडली, गलचौड़ा, भगवती, भूमियां नौल देवता, लडीधुरा, मां वाराही मंदिर, मां कड़ाई देवी मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं का पूजा अर्चना के लिए आने का क्रम शुरू हो गया था। गुमदेश के चमू मंदिर, बाराकोट के मां वरदायिनी, पाटी ब्लाक में खेतीखान के परध्यानी मां भगवती मंदिर, पाटी के एड़ी फटकशिला, मस्टा, महादेव फुटलिंग मंदिर, भागेश्वर मंदिर मां के जयकारों से गुंजायमान रहे। संवाद
नवरात्र के पहले दिन हुई मां शैलपुत्री की पूजा
चंपावत। शारदीय नवरात्र के पहले दिन जिले के प्रमुख मंदिरों में मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की गई। बृहस्पतिवार को हिंगलादेवी, बालेश्वर, रिशेश्वर, रामेश्वर, पंचेश्वर, फटकशिला गहतोड़ा, क्रांतेश्वर आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने भजन गाकर मां की शक्ति का गुणगान किया। संवाद