पूर्णागिरि/टनकपुर(चंपावत)। मां पूर्णागिरि मेले में अब नेपाल के श्रद्धालुओं का उमड़ना तेज हो गया है। करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने 24 घंटे में मां के दर्शन किए। इस बीच दिन में गर्मी पड़ने पर श्रद्धालु रात और सुबह के समय मां के दर्शन के लिए लंबी लाइन लग रही है।
शनिवार को भी दो मेला स्पेशल ट्रेन श्रद्धालुओं से खचाखच भरी रेलवे स्टेशन पर पहुंची। साथ ही एक्सप्रेस और डेमो ट्रेनों से भी श्रद्धालु आते रहे। इससे रेलवे स्टेशन में श्रद्धालुओं की गहमागहमी रही। इस बीच ठूलीगाड़ पड़ाव में भी भंडारे लगे। मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से नेपाल के श्रद्धालुओं के जत्थे अधिक संख्या में आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि रात के समय पैदल रास्ते में प्रकाश की बेहतर व्यवस्था है। पेयजल, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। इधर, नगर के शारदा घाट पर भी मां के दर्शन के बाद श्रद्धालु दिन भर स्नान के लिए उमड़ रहे हैं। दिन में स्नान से गर्मी से राहत मिल रही है। इससे शारदा घाट में भी माहौल भक्तिमय बना हुआ है। स्नान के बाद श्रद्धालु नेपाल के ब्रह्मदेव मंडी स्थित बाबा सिद्धनाथ के दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं।