टनकपुर (चंपावत)। शारदीय नवरात्रों में मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए दूरदराज से श्रद्धालुओं की आवाजाही का सिलसिला लगातार बना हुआ है। सोमवार को नवरात्र के तीसरे दिन करीब ढाई हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने देवी मां के दर्शन कर पुण्य कमाया। नवरात्र की पंचमी के दिन अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। पुलिस श्रद्धालुओं को कोरोना के प्रति जागरूक कर रही है। साथ ही मास्क न लगाने वालों और नियमों को उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
मां पूर्णागिरि धाम में शारदीय नवरात्र शुरू होने के बाद से चहल पहल बढ़ गई है। धाम के पुजारियों और दुकानदारों में भी धीरे-धीरे कारोबार पटरी पर लौटने की उम्मीद जगी है। नवरात्रों में हर दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां पूर्णागिरि के दर्शन को पहुंच रहे हैं। मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय ने बताया कि दर्शन को आ रहे श्रद्धालुओं से कोरोना संक्रमण के नियमों का पालन कराया जा रहा है।
इधर, ठुलीगाड़ थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह और एसआई मंजू पांडेय की अगुवाई में पुलिस कर्मी बगैर मास्क दर्शन को आ रहे श्रद्धालुओं को कोरोना के प्रति जागरूक कर मास्क वितरित कर रहे हैं। साथ ही नियमों के उल्लंघन पर जुुर्माना भी वसूला जा रहा है। मंदिर समिति अध्यक्ष का अनुमान है कि नवरात्र की पंचमी के दिन श्रद्धालुओं की आवक बढ़ सकती है।
नवरात्र पर महंगाई की मार :
चंपावत। नवरात्र की शुरुआत के साथ ही फल और सब्जियों की बढ़ी कीमतों ने जायका बिगाड़ दिया है। यहां फल-सब्जियों के दामों में पिछले साल की अपेक्षा इस साल औसतन 20 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते फल और सब्जियां आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही हैं।
नवरात्र में पूजा-अर्चना और व्रत रखने वालों की संख्या बढ़ने से फल-सब्जी की खपत बढ़ती है। इस दौरान मांग में करीब 15 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है, जिसका असर आम लोगों पर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि महंगी सब्जी खरीदना उनकी मजबूरी बना हुआ है। इधर प्रमुख सब्जी विक्रेता भगवत कलखुड़िया का कहना है कि मंडी से आने वाली कीमतों के आधार पर दाम तय होते हैं। ब्यूरो
चंपावत में सब्जी व फलों की कीमत: प्रति किलो (रुपये)
सामग्री मौजूदा कीमत नवरात्र से पूर्व-
आलू 40 से 45 35
टमाटर 60 50
प्याज 50 40
मटर 160 130
फूल गोभी 80 70
शिमला मिर्च 80 60
करेला 40 40
पत्ता गोभी 30 30
लौकी 20 15
अमरूद 40 30
सेब 100 80
अनार 150 120