देवीधुरा बाराही देवी संस्कृत महाविद्यालय ने एक बार फिर कमाल किया है। प्रधानाचार्य भुवन चंद्र जोशी ने बताया कि पूर्व मध्यमा में तीन और उत्तर मध्यमा में दो छात्रों ने मेरिट में जगह बनाई है।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित संस्कृत की उत्तर मध्यमा (समकक्ष इंटरमीडिएट) में यहां के छात्र दीपक चंद्र ने प्रदेश में पहला स्थान पाकर इलाके का नाम रोशन किया है। उन्होंने 500 में से 420 अंक प्राप्त किए हैं। मूल रूप से नैनीताल जिले के सुनकोट निवासी दीपक बेहद सामान्य परिवार के छात्र हैं। उनके पिता गंगा दत्त और मां देवकी देवी खेतीबाड़ी करते हैं। इसी कक्षा के छात्र मनोज पांडेय ने 500 में से 387 अंकों के साथ प्रदेश की सूची में दसवां स्थान प्राप्त किया है। चंपावत जिले के घुरचुम निवासी मनोज के पिता माधवानंद पांडेय एवं केशवी देवी खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
पूर्व मध्यमा (समकक्ष हाईस्कूल) की परीक्षा में भी तीन छात्रों ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान पाकर विद्यालय का नाम रोशन किया है। कृषि कार्य करने वाले नैनीताल जिले के नदगल निवासी गिरीश चंद्र जोशी एवं बीना जोशी के पुत्र लक्की जोशी ने प्रदेश में पांचवां, नैनीताल जिले के सुनकोट निवासी श्रीकृष्ण चंद्र सनवाल एवं बसंती देवी के पुत्र योगेश चंद्र ने छठवां और चंपावत जिले के डुंगराकोट निवासी प्रकाश चंद्र एवं नीमा जोशी के पुत्र अमित जोशी ने प्रदेश में 10वां स्थान प्राप्त किया है। उल्लेखनीय है कि इस विद्यालय के छात्र 2009 से लगातार मेरिट में स्थान बनाते रहे हैं।