लोहाघाट के रायनगर चौड़ी में कालेशन मंदिर शुद्घिकरण के लिए लगी देव गद्दी।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। नगर से लगे रायनगर चौड़ी में नवनिर्मित कालेशन देवता मंदिर के शुद्धिकरण का कार्यक्रम शुरू हो गया है। तीन दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम में देवडांगर गंगा स्नान के लिए हरिद्वार के लिए रवाना हो गए हैं। इससे पहले देवडांगरों ने अवतरित होकर लोगों को आशीर्वाद दिया।
मंगलवार को नवनिर्मित मंदिर में सुबह देव गद्दी लगाई गई, जिसमें देवडांगर परमानंद राय, हरीश कापड़ी, भैरव राय, भुवन राय, शकुंतला देवी, मोहन राय, हेमा देवी आदि ने अवतरित होकर मंदिर शुद्धिकरण और हरिद्वार में अस्त्र शस्त्रों के साथ गंगा स्नान की इजाजत दी। इस दौरान ग्रामीणों ने लोक देवताओं का आशीर्वाद लिया। देर शाम देवडांगरों ने गंगा स्नान के लिए हरिद्वार के लिए प्रस्थान किया। प्रधान जितेंद्र राय ने बताया कि मंदिर का शुद्धिकरण चैत्रीय नवरात्रों में होना था, कोरोना महामारी के चलते शासन-प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए शुद्धिकरण का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। प्रधान ने बताया कि मंगलवार को देवडांगर हरिद्वार के लिए प्रस्थान किया, बुधवार को देव डांगरों के हरिद्वार से लौटने के बाद मंदिर में रात्रि जागरण होगा, जबकि बृहस्पतिवार को मंदिर में हवन, यज्ञ, भंडारे का आयोजन होगा। इस मौके पर नाथूराम राय, जनार्दन राय, पूरन चंद्र जोशी, पूरन चंद्र राय, रमेश राय, गंगा दत्त राय, धर्मानंद राय, नरेश राय आदि मौजूद रहे।