देवकी देवी, गणतंत्र परेड में रहेंगी विशेष अतिथि। संवाद
चंपावत। जिले के लोहाघाट विकासखंड के सीमांत दिगालीचौड़ की महिला उद्यमी देवकी देवी गणतंत्र दिवस समारोह में कर्तव्य पथ पर विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगी। देवकी देवी को सीमांत क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने में योगदान देने के लिए इस विशेष सम्मान से नवाजा जाएगा।
ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा देवकी देवी की ओर से संचालित हरियाली महिला स्वयं सहायता समूह का चयन किया गया है। इस संबंध में ग्राम्य विकास विभाग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आनंद स्वरूप की ओर से सीडीओ सीडीओ संजय कुमार सिंह जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं।
देवकी देवी और अन्य महिलाएं जहां कभी करंट से डरती थीं, वहीं अब वे आत्मविश्वास के साथ एलईडी तैयार कर रही हैं। देवकी देवी की प्रेरणा से एलईडी बनाने के लिए महिलाओं ने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण हासिल किया है।
देवकी देवी के अलावा राज्य के 10 और स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों को भी गणतंत्र दिवस परेड में बतौर विशेष अतिथि आमंत्रित किया गया है। देवकी देवी को विशेष अतिथि का सम्मान मिलने से उनके परिजनों के साथ ही क्षेत्र में खुशी की लहर है।
पिथौरागढ़ के घुनसेरा की रेखा भट्ट भी बनेंगी विशिष्ट अतिथि
पिथौरागढ़। लंबे समय से महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए कार्य कर रहीं जिलास्तरीय फेडरेशन की अध्यक्ष रेखा भट्ट को 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर विशेष अतिथि के रूप में परिवार सहित आमंत्रण आया है। आमंत्रण मिलने से रेखा भट्ट काफी उत्साहित हैं।
रेखा भट्ट मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले से 10 किमी दूर घुनसेरा गांव की रहने वाली हैं। वह लंबे समय से महिलाओं की आजीविका में सुधार करने के लिए कार्य कर रही हैं। वह सरस बाजार के माध्यम से महिलाओं की ओर से उत्पादित उत्पादों को देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचा रही है। वह देश भर में लगने वाले मेलों में पिथौरागढ़ जिले के उत्पादों को ले जाकर उन्हें पहचान दिलाने का कार्य कर रही हैं। रेखा भट्ट पिछले 20 वर्षों से महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य कर रही हैं। रेखा भट्ट का कहना है कि 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर होने वाले समारोह में वह अपने पति सुरेश भट्ट के साथ हिस्सा लेंगी। रेखा भट्ट को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रण मिलने से जिले भर में खुशी की लहर है। संवाद