सड़क के मलबे से वैला गांव के नौले को जाने वाला रास्ता बंद हुआ।
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत मल्ली खटोली से वैला तक सड़क निर्माण के दौरान वैला गांव की पेयजल योजना ध्वस्त होने के साथ ही दो नौलों को जोड़ने वाला मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क निर्माण के कारण वैला में बिजली के पोल भी क्षतिग्रस्त होकर गिरने के कगार पर पहुंच गया है।
वैला के ग्राम प्रधान केशव दत्त मौनी ने इस संबंध में शुक्रवार को पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा गया है कि सड़क निर्माण के दौरान वैला को पेयजल आपूर्ति करने वाली कोटला, गिजार, कैरवाड़ी, बैमनसवा पेयजल लाइनें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। जिस कारण क्षेत्र में पेयजल का भीषण संकट पैदा हो गया है। क्षतिग्रस्त पेयजल योजना की लंबाई तीन किलोमीटर से अधिक है। दूसरी ओर वैला को विद्युत आपूर्ति करने वाली 1100 केवी लाइन के पोल भी क्षतिग्रस्त होने के कगार पर हैं। जिससे कभी भी कोई अनहोनी घटना हो सकती है। इस संबंध में पीएमजीएसवाई खंड के अधिशासी अभियंता एके बर्मन ने क्षतिग्रस्त पेयजल योजना की शीघ्र मरम्मत कराए जाने का आश्वासन दिया है।
सर्वे अनुरूप सड़क न काटने से दो नौले हुए क्षतिग्रस्त
चंपावत। वैला के ग्राम प्रधान केशव दत्त मौनी का कहना है कि मल्ली खटोली से वैला तक सड़क सर्वे के अनुसार न काट कर 150 मीटर ऊपर से काट दी गई है। जिससे वैला ग्राम पंचायत के दो पेयजल नौले, 100 मीटर कंकरीट मार्ग तथा कृषि योग्य नाप भूमि जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जिससे काश्तकारों में रोष व्याप्त है। उन्होंने पीएमजीएसवाई के ईई से दोनों नौलों एवं कंकरीट मार्ग और क्षतिग्रस्त भूमि को ठीक कराए जाने की मांग उठाई है।