चंपावत। जिला अस्पताल में चर्म रोग विशेषज्ञ का दो माह से पद रिक्त होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन करीब 450 मरीजों की ओपीडी होती है। इनमें बड़ी संख्या में चर्म रोग से संबंधित मरीज भी पहुंचते हैं। जुलाई के पहले सप्ताह में अस्पताल में तैनात चर्म रोग विशेषज्ञ के स्थानांतरण के बाद से मरीजों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से मरीजों को उपचार के लिए हल्द्वानी, बरेली या अन्य बड़े अस्पतालों में जाना पड़ रहा है। इससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि रिक्त पदों की सूचना निदेशालय भेज दी है। अस्पतालों में चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।