लोहाघाट (चंपावत)। नगर के पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड में एनएच पर उड़ रही धूल से परेशान टैक्सी चालकों ने प्रदर्शन किया। एनएच की कार्य प्रणाली से परेशान टैक्सी चालक आपस में धन संग्रह कर पानी का छिड़काव करने की योजना बना रहे हैं। आक्रोशित चालकों ने शीघ्र धूल की समस्या से निजात न मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
टैक्सी चालक उमेश कालाकोटी, नवीन ओली, प्रकाश बोहरा, अमर सिंह बोहरा, विक्रम सिंह, जगत सिंह, गिरीश महरा, जगदीश साह आदि का कहना था कि एनएच की ओर से पूर्व में पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड में स्क्रबर का निर्माण किया गया था। इसके बाद से छोड़ दिया गया है। इस स्थान पर सड़क में मिट्टी होने से वाहनों के आवागमन होने पर धूल से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यहां से बाराकोट, बर्दाखान, सिमलखेल, गल्लागांव, तड़ीगांव, इंद्रपुरी, पुलहिंडोला, पंचेश्वर, रौंसाल, किमतोली समेत कई ग्रामीण रूटों के लिए वाहनों का संचालन होता है।
लोग इस स्थान से टैक्सियों में बैठकर अपने घरों को जाते हैं। सड़क से उठने वाली धूल के कारण वाहन चालकों, राहगीरों, यात्रियों को काफी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। टैक्सी चालकों का कहना है कि उनकी ओर से कई बाद एनएच के अधिकारियों से सडक़ की हालत ठीक करने की मांग की जा चुकी है, लेकिन उसे लगातार अनसुना किया जा रहा है। इधर, एनएच के ईई एलडी मथेला का कहना है कि इस स्थान पर कार्य चल रहा है, नाली निर्माण आदि का कार्य पूरा होने के बाद सड़क पर हॉटमिक्स किया जाएगा। तब तक सड़क पर धूल बैठाने के लिए पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।