बाराकोट की पनार नदी में हो रहे अवैध खनन को रोकने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते रैघांव
लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट ब्लाॅक में पनार नदी में हो रहे अवैध खनन पर रैघांव के ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी जताई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने खनन के विरोध में एसडीएम को ज्ञापन देकर अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की है।
बुधवार को रैघांव के ग्रामीणों ने एसडीएम नीतू डांगर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि बाराकोट के रैघांव के तोक फिरकोला-जमाड़ के पास बहने वाली पनार नदी में अल्मोड़ा के खनन माफिया जेसीबी मशीन से उपखनिज की निकासी कर रहे हैं। खनन के चलते पनार नदी का रुख बदल रहा है जिससे क्षेत्र के लोगों की नाप भूमि को भारी नुकसान पहुंचने के साथ ही गांव में भूस्खलन के साथ दैवी आपदा की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खनन कारोबारी जिला अल्मोड़ा से आकर जिला चंपावत की भूमि पर अवैध खनन कर रहे हैं। उन्होंने एसडीएम से अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की। एसडीएम ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ज्ञापन सौंपने वालों में जीत सिंह सिंह अधिकारी, पूर्व बीडीसी सदस्य आनंद सिंह अधिकारी, शंकर सिंह अधिकारी, धन सिंह अधिकारी, राजू कुमार, राम लाल, मदन राम, राजेंद्र राम आदि थे।