लोहाघाट (चंपावत)। नगर से लगी ग्राम पंचायत कलीगांव की पेयजल योजना क्षतिग्रस्त होने से गांव में पेयजल संकट पैदा हो गया है। पेयजल योजना की पाइप लाइन को ठीक करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन दिया। कलीगांव के ग्रामीणों ने डीएम नवनीत पांडे को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि गांव में एक मात्र पेयजल योजना है। इसे बने हुए 25 साल हो गए हैं। योजना का संचालन और लाइन का रखरखाव ग्राम पंचायत करती आई है।
पेयजल लाइन पुरानी होने से यह जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके पाइप जीर्णशीर्ण हो चुके हैं। इस कारण गांव में जलापूर्ति बाधित हो गई है। ग्रामीणों ने शीघ्र पेयजल लाइन का मुआयना कर पेयजल लाइन की मरम्मत करने और कलीगांव की पेयजल योजना को जलसंस्थान को हस्तांतरित करने की मांग की। ग्रामीणों ने जल्द समस्या का समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर सरपंच दिनेश पुजारी, सावित्री देवी, चंचला देवी, पुष्पा देवी, नारायण सिंह, डुंगर सिंह, सूरज मौजूद रहे।