लोहाघाट (चंपावत)। बजरंगबली वार्ड के डाक बंगला रोड क्षेत्र में पेयजल किल्लत है। इससे परेशान उपभोक्ताओं ने बृहस्पतिवार को जल संस्थान के प्रति गहरा आक्रोश जताया। आक्रोशित लोगों ने पेयजल न सुलझने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
बजरंगबली वार्ड के सभासद राजकिशोर साह के नेतृत्व में मोहल्ले के लोगों ने खाली बर्तन लेकर जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि महीने में उनके मोहल्ले में मात्र 15 दिन ही पानी आता है। उसमें भी उन्हें 15-20 मिनट ही पानी मिल पाता है, लेकिन बिल पूरे महीने का वसूला जाता है। लोगों का कहना था कि पेयजल किल्लत के चलते उन्हें नर्सरी गधेरे, अक्कलधारे, शिवालय मंदिर स्थित स्टैंड पोस्ट से पानी ढोना पड़ता है। सभासद राजकिशोर का कहना था कि जल संस्थान ने नगर से करीब ढाई किमी दूर चांदमारी में अपना कार्यालय बनाया है, जहां बिल जमा करने आने वाली महिलाओं, बच्चों, वृद्धों को काफी दिक्कतें आ रही हैं। प्रदर्शन करने वालों में जगराज देउपा, बाला दत्त भट्ट, पार्वती देवी, पंकज बोहरा, दीपक जोशी, अनिल जोशी, बसंती देउपा, उमेश जोशी, माया देवी, गोविंदी देवी आदि रहे।