बनबसा (चंपावत)। पूर्व कृषि उत्पादक मंडी समिति उपाध्यक्ष और पूर्व बीडीसी सदस्य जसवंत सिंह बसेड़ा ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को ज्ञापन भेजकर बनबसा मेला क्षेत्र में सुविधाएं देने की मांग की है। उन्होंने यूपी के मुख्यमंत्री से परिसंपत्तियों के बंटवारे की भी मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि होली के अगले दिन से मां पूर्णागिरि धाम में मेला शुरू हो जाएगा। मां के दर्शन बाद सिद्धनाथ बाबा के दर्शनों को श्रद्धालु बनबसा से होकर नेपाल रवाना होते हैं। बनबसा मेला क्षेत्र यूपी सिंचाई विभाग के अधिकार वाली भूमि पर संचालित होने से वहां सुविधाओं को अभाव रहता है। उन्होंने यूपी के सीएम से बनबसा मेला क्षेत्र में तीर्थ यात्रियों के लिए सुविधाएं देने की मांग की है।
बसेड़ा ने बनबसा मेला क्षेत्र में पचास शौचालय और पचास चेंजिंग रूम और उचित पार्किंग व्यवस्था की मांग की है। उन्होंने कहा है कि बनबसा में यूपी सिंचाई विभाग वाहनों से पार्किंग, चुंगी और बैराज रखरखाव शुल्क वसूलता है जिसका उपयोग मेला क्षेत्र में किए जाने की मांग की है। कहा कि दो वर्ष पूर्व यहां आए यूपी के सीएम ने परिसंपत्तियों को जल्द उत्तराखंड को सौंपने की बात कही थी।