बनबसा (चंपावत)। बनबसा के एसटी बहुल गांव बमनपुरी की महिलाएं गांव में बाहर से आकर चोरी छिपे कच्ची शराब बेचने वालों से परेशान हैं। ग्राम प्रधान भावना नेगी ने प्रशासन से बाहरी लोगों के गांव में कच्ची शराब बेचने से गांव का माहौल खराब करने का आरोप लगा कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
बमनपुरी की स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष राखी राना, बैजंती राना, अनारकली राना, दर्शना राना, नीरू राना, सुनील राना, शोभा राना, अजय राना, प्रदीप राना, नत्थू सिंह राना, प्रेम राना ने बताया कि गांव के पश्चिमी छोर पर यूएस नगर जिले के खटीमा और चकरपुर से पंथागोठ गांव से होते हुए कच्ची शराब बनबसा में पहुंच रही है।
कई बार पुलिस और प्रशासन से मांग के बाद भी आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। ग्राम प्रधान ने बताया कि उन्होंने कई बार ऊधमसिंह नगर जिले के एसएसपी तक से शिकायत की। कुछ समय तक तो इस पर लगाम लगी लेकिन अब फिर से इलाके में कच्ची शराब की खेप पहुंचने लगी है। संवाद