भारी बारिश के चलते पाटन पुल बाजार में भरा मलबा व गंदा पानी। स्रोत : जागरूक पाठक
लोहाघाट (चंपावत)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाटन पुल के पास स्क्रबर निर्माण में हो रही देरी का खामियाजा व्यापारियों और लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को हुई भारी बारिश के कारण पाटन पुल बाजार में मलबा और पानी घुस गया। इससे व्यापारियों और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
झुमाधुरी मेला महोत्सव समिति के अध्यक्ष मोहन पाटनी ने बताया कि तीन महीने से एनएच विभाग पाटन पुल के पास स्क्रबर बनाने का कार्य कर रहा है। कार्य की धीमी गति का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पाटनी ने बताया कि तेज बारिश के दौरान चांदमारी के नाले का पानी और मलबा पाटन पुल बाजार में घुस गया। इससे बाजार में जलभराव की स्थित पैदा हो गई और व्यापार प्रभावित हुआ।
पाटनी ने शीघ्र स्क्रबर निर्माण का कार्य जल्द पूरा न करने पर आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। व्यापारी नरेश गड़कोटी, रिंकू अधिकारी, हरीश पाटनी, पप्पू पाटनी आदि ने भी एनएच विभाग से कार्य को जल्द पूरा करने की मांग की है।