लोहाघाट (चंपावत)। वन विभाग के लोहाघाट रेंज में तैनात चौकीदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव को अपने पैतृक आवास अल्मोड़ा ले गए।
अल्मोड़ा जिले के सांगड़काने गांव निवासी दीवान सिंह साहू (59) पुत्र लक्ष्मण सिंह यहां वन विभाग के बनगांव पौधालय में चौकीदार थे। वह वन विभाग के सरकारी आवास में अकेले रहते थे। मंगलवार को देर तक जब दीवान सिंह कमरे से बाहर नहीं निकले तो रेंजर दीप चंद्र जोशी ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
एसआई हेमंत कठैत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दरवाजा तोड़कर देखा तो दीवान अचेत पड़े थे। उन्हें कमरे से बाहर निकालने के साथ सीएचसी लोहाघाट पहुंचाया। जहां डॉ. जितेंद्र जोशी ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रेंजर जोशी ने बताया कि दीवान करीब सात आठ माह बाद रिटायर होने वाले थे। एसआई देवेंद्र मेहता ने पंचनामा भरा। डॉ. मंजीत सिंह ने पोस्टमार्टम किया। सूचना मिलते ही दीवान के भाई पान सिंह, कुंदन सिंह, लक्ष्मण सिंह, रमेश सिंह, समधी हर सिंह लोहाघाट पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद वह शव को उसके पैतृक आवास ले गए। दीवान की मौत पर रमेश चंद्र राय, रमेश जोशी, रियाज अहमद, अब्दुल अजीज, भुवन चौबे, कम सिंह, संजय सिंह आदि ने शोक जताया।