मृतक हवलदार सुभाष का फाइल फोटो।
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। यहां छावनी में बुधवार को लटके मिले सेना के हवलदार का शव उनके घर अखनूर (जम्मू कश्मीर) भेज दिया है। आशंका है कि क्वारंटीन अवधि में हवलदार ने आत्महत्या कर ली।
जिला अखनूर जम्मू कश्मीर निवासी सुभाष चंद्र बनबसा सेना छावनी में हवलदार थे। उनकी तैनाती आठ जैकलाई (जम्मू कश्मीर लाइट इन्फैंट्री) में थी। बुधवार सुबह छावनी में उनका शव फंदे के सहारे लटका मिला था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। बुधवार शाम सेनाधिकारियों ने बरेली से वाहन बुलाकर सुभाष के शव को उसके घर भिजवा दिया। शव के साथ कुछ अधिकारी और जवान भी भेजे गए हैं। बताया गया है कि सुभाष 30 सितंबर को अवकाश से छावनी लौटे थे। कोविड-19 के नियमों के तहत उन्हें 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया गया था। यह अवधि पूरी होने के अंतिम दिन बुधवार को उनका शव फंदे पर लटका मिला था। मामले की जांच कर रहे बनबसा थाने के एसआई अरविंद कुमार ने बताया कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चल सकेगी। फिर भी मामले की पूरी पड़ताल की जाएगी।