चंपावत। यहां के एक स्टेशनरी व्यापारी की मंगलवार को संदिग्ध हालात में मृत्यु हो गई। उसका शव फंदे से लटका मिला। इस कारण लोग कोरोना काल में हुए कारोबारी घाटे के कारण आत्महत्या की आशंका जता रहे हैं। पोस्टमार्टम बुधवार को होगा। पाटी निवासी यह व्यापारी तीन साल से चंपावत में कारोबार करता था।
पाटी ब्लॉक के गहतोड़ा गांव निवासी शेखरानंद (39) पुत्र प्रेमबल्लभ तीन साल से गोरलचौड़ क्षेत्र में किराये पर स्टेशनरी की दुकान चलाता था। उनका परिवार भी साथ में रहता था। मंगलवार दोपहर उसका शव दुकान के भीतरी हिस्से में बने गोदाम की छत के कुंडे से लटका मिला। जब पत्नी दुकान में पहुंची तो उसे घटना का पता चला। उसके परिवार में तीन बच्चे हैं। शोक में गोरलचौड़ के व्यापारियों ने दुकानें बंद रखीं। आसपास के कुछ लोगों का कहना था कि लॉकडाउन से हुए नुकसान के कारण शेखरानंद कुछ समय से तनाव में था। वह इस दुकान को बेचना चाहता था। बाजार पुलिस चौकी प्रभारी सोनू सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पंचायतनामा भरने के बाद बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।