एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। ठगी के आरोपी गिरोह के एक पुरुष और तीन महिलाओं पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। एक व्यक्ति की सूचना पर नाटकीय तरीके से विवाह का प्रस्ताव रख एएचटीयू कर्मियों ने गिरोह के चार सदस्यों को दबोचने में कामयाबी हासिल की। इस काम में स्थानीय लोगों के अलावा एनजीओ की भी मदद ली गई।
बनबसा स्थित एएचटीयू प्रभारी एसआई मंजू पांडेय को एक स्थानीय व्यक्ति ने तहरीर देकर विवाह के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के बारे में बताया। एएचटीयू प्रभारी ने बताया कि उक्त व्यक्ति ने बताया कि ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में कुछ लोग विवाह की चाह रखने वाले युवकों की शादी कराने के लिए लड़कियां उपलब्ध कराते हैं। इसके एवज में मोटी रकम वसूली जाती है। बाद में लड़कियां वापस लौट जाती हैं अथवा ठगी गिरोह द्वारा अन्यत्र भेज दी जाती हैं। इस सूचना पर एएचटीयू प्रभारी ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर गिरोह को दबोचने की योजना बनाई। एएचटीयू कर्मियों ने तहरीर देने वाले व्यक्ति के बताए ठगी गिरोह के सदस्यों से पार्टी बनकर संपर्क किया। उन्होंने दो युवकों के विवाह का प्रस्ताव रखा।
इसके बदले में ठगी गिरोह ने तीन लाख रुपयों की मांग की। पैसे के साथ ही विवाह कराने की बात पक्की कर बीते दिवस 10 अगस्त को चकरपुर (खटीमा) शिव मंदिर में शादी कराना भी तय कर लिया। एएचटीयू के नोडल अधिकारी/टनकपुर के सीओ आरएस रौतेला ने हस्ताक्षर युक्त करेंसी और चेक देकर एएचटीयू टीम को ठगी गिरोह को दबोचने रवाना किया। चकरपुर मंदिर के बरामदे में विवाह की तैयारियां करने का नाटक करने के साथ ही नकदी और चेक ठगी गिरोह के सदस्यों के सुपुर्द कर दिए। कुछ देर बाद खटीमा की ओर से दो महिलाएं बाइक पर वहां पहुंची। इसके बाद एक महिला बस में सवार होकर टनकपुर से वहां पहुंची। विवाह की तैयारी शुरू करने के साथ ही अचानक वहां एएचटीयू की दूसरी टीम पहुंच गई। इसके बाद उन्होंने एक पुरुष और तीन महिलाओं को सीओ के हस्ताक्षर युक्त करेंसी, चेक, विवाह सामग्री, जयमालाओं आदि के साथ रंगे हाथ दबोच लिया। सीओ ने बताया कि विवाह के नाम पर ठगी करने वाली कलक्टर फार्म खटीमा निवासी रजवंत कौर, उसके पुत्र सतनाम सिंह, दहला थाना नानकमत्ता निवासी गुरमीत कौर और टनकपुर विष्णुपुरी कालोनी निवासी आरती कपूर को आईपीसी की धारा 420/120 बी/34 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। मुकदमा खटीमा कोतवाली में दर्ज कराया गया है। बताया गया कि टनकपुर निवासी महिला पहले बनबसा में गैस रिफिलिंग का काम करती थी। एएचटीयू टीम में प्रभारी के अलावा एचसी लक्ष्मण चंद, रवि जोशी, कांस्टेबल गणेश सिंह के अलावा स्थानीय युवक और एनजीओ के लोग शामिल थे।