चंपावत में चोरी के सामान के साथ दबोचे गए अाराेपी
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने कुछ दिन पहले छतार में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। चोरी करने वाला मुख्य आरोपी बगल की दुकान में ही वर्कशाप चलाता है। बताया जाता है कि दुकान स्वामी की ओर से दुकान में शराब पीने से मना करने पर आरोपियों ने दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया। शुक्रवार को पुलिस ने चारों आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेेट के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शुक्रवार को कोतवाली में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी पीएस कफलिया ने बताया कि पुलिस को छतार वार्ड में जोगा दत्त भट्ट की दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करने सफलता मिली है। जोगा दत्त भट्ट की दुकान के पड़ोस में ही मुख्य आरोपी वैभव पांडे वर्कशाप चलाता है। आरोपियों ने लगभग एक लाख रुपये का सामान चोरी किया था। आरोपियों से लगभग पचास हजार रुपये का परचून का समान एवं पांच हजार की रेजगारी भी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शाम को मकान मालिक जोगा भट्ट ने दुकान में शराब पीने के लिए मना किया था तथा कहासुनी हुई थी। जिसके बाद आरोपियों ने योजना बना कर दुकान में चोरी की साजिश रची और रात में दुकान का दरवाजा पीछे से तोड़ कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी वैभव पांडे, हरीश सिंह, उमेद सिंह, लक्ष्मण सिंह के खिलाफ धारा 457, 380, 411 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। अभियुक्तों को दबोचने वालों में कोतवाल एलएस डांगी, उप निरीक्षक जगत सिंह सामंत, सुभाष कोहली, सुनील भाकुनी आदि शामिल रहे।