एसडीएम कोर्ट के पास शुक्रवार तड़के गैस सिलेंडर में रिसाव होने से आग लग गई। स्थानीय लोगों और अग्निशमन दल की मदद से आग पर काबू पाया गया। तत्काल बचाव कार्य होने से बड़ी हादसा होने से बच गया।
शुक्रवार सुबह करीब छह बजे एसडीएम कोर्ट के पास रहने वाले सुरेंद्र सिंह की पत्नी आशा गैस सिलेंडर में चाय-नाश्ता बना रही थी कि अचानक गैस सिलेंडर में रिसाव होने से उसमें आग लग गई। सिलेंडर में आग लगता देख घर में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच आशा ने जलते सिलेंडर को बाहर फेंक दिया।
आशा के पड़ोस में रहने वाले मोहम्मद सुहेल ने आग लगने की सूचना नियंत्रण कक्ष में दी। इसके बाद फायरब्रिगेड और पुलिस चीता मोबाइल टीम मौके पर पहुंची। इन्होंने लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। आग बुझाने में प्रभारी फायर सर्विस अधिकारी मोहन सिंह थापा के नेतृत्व में धर्मेंद्र लाल, भूपेंद्र सिंह, हरीश गिरि, संजय सिंह और चीता मोबाइल के राकेश रौंकली शामिल थे।
फायर सर्विस को तत्काल सूचना दें
प्रभारी फायर सर्विस अधिकारी मोहन सिंह थापा ने बताया कि गैस सिलेंडर में आग लगने पर घबराने के बजाय सबसे पहले इसकी सूचना नजदीकी फायर सर्विस के फोन नंबर 05965234211, 101 या 108 पर दें। बताया कि सिलेंडर में आग लगने पर दरी, बोरों, कंबल आदि को पानी में भिगोकर सिलेंडर के ऊपर डाल दें।
इसके बाद सिलेंडर को बाहर निकाल दें। यदि फिर भी आग नहीं बुझती है, तो रेता और मिट्टी को जलते हुए सिलेंडर के ऊपर डाल दें। यदि सिलेंडर में आग न लगी हो और गैस का रिसाव हो रहा, तो उस कमरे के बिजली के स्विचों को ऑन या ऑफ न करें।