लोहाघाट (चंपावत)। साइबर ठगों के झांसे में आकर एक शिक्षक को लाखों रुपये की चपत लग गई। ठगी का शिकार होने की जानकारी मिलने के बाद शिक्षक सकते में आ गया है। उसने लोहाघाट थाने में तहरीर देकर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस की साइबर सैल ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने बताया कि कि शिक्षक जितेंद्र कुमार ने तहरीर देकर कहा है कि 12 मार्च को उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर अपने को मनी प्लस रिसर्च कंपनी का कर्मचारी बताया। ठग ने बताया कि उनकी कंपनी शेयर मार्केट में रिसर्च कर रही है। तुम हमारी कंपनी से जुड़कर उसमें रुपया जमा करो, उसका सात आठ गुना हम देंगे। शिक्षक ने व्यक्ति के झांसे में आकर बिना किसी से पूछे 12 मार्च को कंपनी के खाते में 75 हजार रुपया जमा कर दिया। पैसा जमा होने के बाद अज्ञात व्यक्ति ने शिक्षक को फोन कर बताया कि उसके द्वारा जमा किए गए 75 हजार रुपये क्रूडआयल में लगाए थे जो बढ़कर सात लाख रुपये हो गए हैं।
इसके बाद दूसरे दिन 13 मार्च को जितेंद्र ने ज्यादा पैसों के लालच में कंपनी के खाते में एक लाख 73 हजार 238 रुपये
दोबार जमा कर दिए। जिसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने अपना फोन बंद कर दिया। फोन बंद होते ही शिक्षक सकते में आ गया। उसे ठगी का शिकार होने का आभास हो गया। एसओ ने बताया कि दो दिन के भीतर शिक्षक ने 2 लाख 38 हजार 238 रुपया जमा किया है। शिक्षक की तहरीर पर चंपावत साइबर सेल को सूचित कर दिया है, जिसने काम करना शुरू कर दिया है। सोमवार को बैंक खुलने के बाद केवाईसी निकालने के बाद अज्ञात कॉलर के नाम सहित मुकदमा दर्ज किया जाएगा।