यूपीसीएल ने भुगतान न किए जाने पर शारदा हेडवर्क्स (यूपी सिंचाई विभाग) की बिजली फिर से काट दी है। विद्युत विभाग के एसडीओ बीएम भट्ट ने बताया कि यूपीसीएल के निर्देश पर इस बार केवल शारदा हेडवर्क्स कालोनी परिसर की बिजली काटी गई है।
उन्होंने बताया कि 2003 से यूपी सिंचाई विभाग के शारदा हेडवर्क्स पर यूपीसीएल का करीब 11.84 करोड़ रुपये बकाया है। इससे पूर्व 9 मार्च को कालोनी परिसर के अलावा शारदा बैराज क्षेत्र की बिजली काटी गई थी। जिसे विभागीय उच्चाधिकारियों के निर्देश पर 15 मार्च को जोड़ दिया गया था। फिर से यूपीसीएल के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर 25 मार्च को केवल कालोनी परिसर की बिजली काट दी गई है। बिजली कटने से शारदा हेडवर्क्स कर्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कालोनी परिसर में पेयजल संकट पैदा हो गया है। इधर, शारदा हेडवर्क्स के एसडीओ बीएस यादव ने बताया कि शारदा हेडवर्क्स ने लोहियाहेड पावर हाउस संचालन को दिए पानी के एवज का करीब 55 करोड़ रुपया यूपीसीएल से वसूलना है। शारदा हेडवर्क्स कर्मचारी संघ अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि कर्मचारी विभाग को विद्युत उपभोग की राशि का भुगतान प्रतिमाह करते आ रहे हैं।