गोरलचौड़ मैदान में चल रहे गोरल ग्रीष्मोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में मंगलवार रात स्कूली बच्चों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुति दी। इसके अलावा लोकगायक किशोर कांछा और धर्मपत्नी अंजना ने भी सांस्कृतिक संध्या में समा बांध दिया। दोनों ही गायकों ने दैण होए भगवती मैयां भजन की शानदार प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं।
सांस्कृतिक संध्या में गुरुकुलम पब्लिक स्कूल, एंजिल्स एकेडमी, उदयन इंटरनेशनल, द एशियन अकादमी, माउंड कॉर्मल और यूनिवर्सल इंटर कॉलेज के बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुति देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
इससे पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एडवोकेट अमरनाथ वर्मा और विशिष्ट अतिथि समाजसेवी नरेंद्र लडवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन गंगा सिंह बिष्ट ने किया। कलाकारों और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट करने के साथ ही देर रात नगर पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा ने सांस्कृतिक महोत्सव के समापन की घोषणा की।
पिथौरागढ़ के डांसर गौरव राज ने जीता प्रथम पुरस्कार
चंपावत। ग्रीष्मोत्सव में डांसर शुभम तिवारी के नेतृत्व में आयोजित डांस प्रतियोगिता में यूपी और उत्तराखंड के डांसरों ने प्रतिभाग किया। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक विधाओं में डांस कर दर्शकों का मन मोह लिया।
ईट स्लिप ब्रीथ डांस सीजन टू के फाइनल मुकाबले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पिथौरागढ़ के गौरव राज ने 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार जीता। जबकि दूसरे नंबर पर पिथौरागढ़ डांस ग्रुप रायल कू्र और तीसरे नंबर पर इटावा (यूपी) की टीम रही।
सांस्कृतिक संध्या में ये लोग रहे मौजूद
चंपावत। गोरल ग्रीष्मोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में नगर पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा, लोहाघाट के चेयरमैन गोविंद वर्मा, मोहन जोशी, गणेश रौतेेला, गणेश पांडेय, देवीलाल वर्मा, डा.एमपी जोशी, दीपक वर्मा, डॉ. बीसी जोशी, प्रो. बीडी सुतेड़ी, पूरन चंद्र पांडेय, लोकमणी पंत, राजेंद्र गहतोड़ी, संजय मुरारी, डॉ. मदन सिंह पाल, विपिन जोशी, रोहित बिष्ट, नंदन तड़ागी, राजेश जोशी, सामश्रवा आर्य सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
अभी दो दिनों तक चलता रहेगा व्यावसायिक मेला
चंपावत। भले ही गोरलचौड़ मैदान में गोरल ग्रीष्मोत्सव के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समापन हो गया है लेकिन मैदान में अभी व्यावसायिक मेला दो दिनों तक और चलेगा। 15 जून को महोत्सव के औपचारिक समापन पर लकी ड्रा भी आयोजित किया जाएगा।