चंपावत। जिला मुख्यालय से लगे हुए स्वाला ग्राम पंचायत में बैसाखी पर्व पर दो दिनी मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान देवडांगरों ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद लिया। भंडारे के बाद दो दिनी मेले का समापन किया गया। रविवार को देर रात तक मेले के दौरान कई कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसमें महिलाओं ने झोड़ा चांचरी गीतों के साथ मेले की शोभा बढ़ाई।
सोमवार सुबह देव डांगरों ने पूजा-अर्चना कर भव्य डोला यात्रा निकाली। इस दौरान देव डांगरों ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। ग्राम प्रधान प्रशासक ममता भट्ट ने बताया कि सदियों से यहां हर वर्ष बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर में दो दिनी मेले का आयोजन किया जाता है। इसमें बड़ी संख्या में दूर-दूर से भक्त अपनी मन्नत लेकर आते हैं। इस दौरान क्षेत्र पंचायत प्रशासक हेम चंद्र, जगदीश चंद्र, ईश्वरी दत्त, शंकर दत्त, महादेव नट्ट, डिगर देव, राजू भट्ट आदि ने सहयोग किया।
इधर दियूरी ग्राम पंचायत के कैलपाल मंदिर में भी बैसाखी पूर्णिमा पर दो दिनी मेले का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने मेले में बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। मान्यता है कि कैलपाल मंदिर में निसंतान महिलाओं को संतान की प्राप्ति का वरदान देते हैं। हर वर्ष यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु आशीर्वाद लेने आते हैं। सोमवार सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना की गई और देर शाम भंडारे के साथ मेले का समापन किया गया। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य सुंदर सिंह बोहरा, बालम सिंह बोहरा, रविश बोहरा, दिनेश बोहरा, प्रवीन नेगी आदि मौजूद रहे।