चंपावत जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन लगाने के लिए भवन की मरम्मत करते श्रमिक। संवाद
चंपावत। चंपावत जिले के लोगों को दो माह बाद सीटी (कंप्यूटराइज्ड टोमोग्राफी) स्कैन के लिए दूसरी जगह दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। दिसंबर से यहां के लोगों को सीटी स्कैन की सुविधा जिला अस्पताल में मिलने लगेगी। इस मशीन को लगाने के लिए अल्ट्रासाउंड वाले कक्ष की मरम्मत की जा रही है। अल्ट्रासाउंड कक्ष को दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया है।
वर्तमान में जिले के किसी भी अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा नहीं है। इस कारण लोग सीटी स्कैन कराने के लिए मोटी रकम खर्च करने के अलावा हल्द्वानी, रुद्रपुर, बरेली आदि जगह जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। अब जल्द ही इस स्थिति में सुधार होगा। दिसंबर से जिला अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा मिलेगी। सीएमएस डॉ. पीएस खोलिया का कहना है कि सीटी स्कैन मशीन के लिए कक्ष निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सीटी स्कैन मशीन अस्पताल में पहुंच गई है।
इसलिए किया जाता है सीटी स्कैन
शरीर के किसी हिस्से में लगी गंभीर चोट, नुकसान या विकृति का पता लगाया जाता है।
हड्डी टूटने, मांस पेशियों में ट्यूमर आदि हो।
ट्यूमर, इंफेक्शन या खून के थक्के के केंद्र जानने के लिए।
कैंसर, हृदय रोग, फेफड़े और लीवर सहित कई गंभीर बीमारी का पता लगाने के लिए।
कोट
चंपावत जिले में पहली सीटी स्कैन की सुविधा दिसंबर में मिलने वाली है। मशीन लगने के साथ ही स्टाफ और तकनीकी कर्मियों की तैनाती हो जाएगी। - डॉ. केके अग्रवाल, सीएमओ, चंपावत।