पाटी (चंपावत)। पेयजल किल्लत के चलते लोग पैदल दूरी तय कर गाड़-गधेरों से पानी ढोने को मजबूर हैं। जल संस्थान के पेयजल का वितरण करने से लोगों को आंशिक राहत मिली है। जल संस्थान ने स्टेशन चौराहे, माराकोली, मष्टा मंदिर कालोनी, खड़ी बाजार, न्यू कालोनी सहित तहसील चौराहे पर पिकअप के जरिए पानी बांटा। वाहन आते ही लोगों में पानी के लिए होड़ मची रही। जल संस्थान के अभियंता चंद्रशेखर पंत के अनुसार वाहन से जलापूर्ति कर लोगों को राहत दी जाएगी।
चंपावत। कुछ दिनों पहले हुई बारिश का शहर की पेयजल व्यवस्था पर कोई खास असर नहीं पड़ा। विभाग अब भी टैंकरों के जरिए पानी बांट रहा है। जल संस्थान के जूनियर इंजीनियर एसएस थापा ने बताया कि चंपावत में 16 लाख लीटर पानी के सापेक्ष एक-चौथाई पानी मिल पा रहा है। टैंकरों और पिकअप से पानी की सप्लाई की जा रही है।
चंपावत। शहर से करीब सात किलोमीटर दूर पल्सो गांव की बिजली छह दिन से गुल है। इससे लोगों को भारी दिक्कत हो रही है। क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहन जोशी, ग्राम प्रधान शांति देवी, शीश राम, रमेश जोशी, कृष्णानंद, पूरन चंद्र, तारादत्त आदि ने जल्द बिजली आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है। उधर, उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड के इंजीनियर आरसी पंत का कहना है कि ट्रांसफार्मर में खामी आने से 22 मई से बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। खामी को दूर कराया जा रहा है।