फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

17 हजार श्रद्धालुओं ने किए पूर्णागिरि देवी दर्शन

विज्ञापन
टनकपुर शारदा नदी में स्नान के बाद सूर्य को अर्घ्य देते पूर्णागिरि देवी दर्शन को आए श्रद्धालु। सं? - फोटो : TANAKPUR
विज्ञापन
पूर्णागिरि धाम/टनकपुर (चंपावत)। नवरात्र के पहले पांच दिन में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने देवी मां के दर्शन किए। पंचमी पर बुधवार को करीब 17 हजार श्रद्धालु देवी धाम पहुंचे। मेले के कारण टनकपुर से लेकर पूर्णागिरि में खूब चहलपहल हो रही है। बूम और टनकपुर में शारदा नदी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजन से पहले स्नान कर रहे हैं। हालांकि पिछले दो दिनों से भीषण गर्मी से श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ गिरावट आई है। मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि अष्टमी से श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होगा।
विज्ञापन

मासूम बेटे के बिछुड़ने पर मां बेहोश
टनकपुर (चंपावत)। काशीपुर के गिन्नीखेड़ा गांव से पूर्णागिरि धाम आई की एक महिला श्रद्धालु का चार साल का बेटा ठुलीगाड़ से बिछुड़ गया। इससे सकते में आई मां बेहोश हो गई और टनकपुर अस्पताल में भर्ती इस महिला को तीन दिन बाद होश आया।
यूएसनगर जिले के काशीपुर के लाला राम की पत्नी मंजू देवी (38) बेटे वीरेश समेत अपने गांव के कुछ लोगों के साथ चार अप्रैल को पूर्णागिरि धाम आई। दर्शन के बाद ठुलीगाड़ में बेटा और अन्य लोग बिछुड़ गए। उनका पता न चलने पर सकते में आई मंजू बेहोश हो गई। एंबुलेंस से महिला को टनकपुर अस्पताल लाया गया। सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी ने बताया कि इलाज के बाद महिला की सेहत में सुधार हुआ है। होश में आने के बाद बुधवार को महिला ने पूरा घटनाक्रम बताया। अस्पताल प्रशासन ने मेला मजिस्ट्रेट को पत्र भेज बिछड़े बच्चे की तलाश कर महिला को उसके गांव पहुंचाने का आग्रह किया है।
विज्ञापन

मेले में परिजनों से बिछड़े लोगों को खोजा
बनबसा (चंपावत)। पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में परिजनों से बिछड़ने की कई घटनाएं हो रहीं हैं। बिछड़े लोगों और बच्चों को खोजकर पुलिस उनके परिजनों को सौंप रही हैं। शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई हेमंत कठैत ने बताया कि मेले में परिजनों से बिछड़ गई यूपी याकूबगंज फर्रूखाबाद निवासी चार वर्षीय अनुष्का को उसके पिता अनुज राजपूत को सौंपा गया। यूपी के रामगांव बहराइच निवासी छह वर्षीय केसरी को उसकी माता आशा देवी और यूपी के ही थाना कुर्सी बाराबंकी निवासी 25 वर्षीय ज्ञानवती को भी उसके पति के सुपुर्द किया गया।
गर्मी से बेहोश हुई महिला श्रद्धालु
टनकपुर/पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। भीषण गर्मी से एक महिला श्रद्धालु बेहोश हो गई। सीतापुर जिले के महमूदाबाद से आई श्रद्धालु संगीता (23) चंद्रेश कुमार काली मंदिर से आगे मुख्य मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। तभी वह बेहोश हो गई। भैरव मंदिर में डॉ. सुमित जोशी ने प्राथमिक इलाज कर टनकपुर रेफर किया। टनकपुर अस्पताल के डॉ. हेमंत शर्मा ने बताया कि इलाज के बाद संगीता की हालत में सुधार है। पानी की कमी की वजह से महिला बेहोश हुई थी।
पूर्णागिरि पेयजल लाइन में छेड़छाड़ पर कटेगा कनेक्शन
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम में कुछ लोगों ने पेयजल लाइन में छेड़छाड़ कर दी। इससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। कई जगह कारोबारियों से लेकर श्रद्धालुओं को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। इसकी शिकायत मिलने पर जल संस्थान की टीम ने करीब चार किमी क्षेत्र में पेयजल लाइन का निरीक्षण किया तो सात से अधिक जगह छेड़छाड़ मिली, लेकिन छेड़छाड़ करने वालों का पता नहीं चल सका। जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता हेमंत फुलारा ने बताया कि कई जगह कनेक्शन में लगे पुर्जे भी निकाल लिए गए हैं। लाइन की खामियों को ठीक कर लिया गया है। विभाग ने पेयजल लाइन में छेड़छाड़ करने वालों पर कार्रवाई कर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें