पेंटरफार्म स्थित श्री गणेश इंडस्ट्रीज में बुधवार रात शार्ट-सर्किट से आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता फैक्ट्री पूरी तरह जल चुकी थी।
बुधवार रात करीब दो बजे गुदमी ग्रामसभा के पेंटरफार्म स्थित श्री गणेश इंडस्ट्रीज में लगी आग देख चौकीदार सरजू राना ने फैक्ट्री स्वामी तरुण रोहिला को सूचना दी। जब तक दमकल वहां पहुंचती फैक्ट्री पूरी तरह जल चुकी थी। सूचना पर घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी पहुंची। एसआई बीएस सम्मल ने बताया कि तीन बजे सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो फैक्ट्री धू-धू कर जल रही थी।
फायर सर्विस टनकपुर, एनएचपीसी और खटीमा के दमकलों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। प्रशासन के मुताबिक फैक्ट्री में एक करोड़ ग्यारह लाख का नुकसान होना बताया गया है। पटवारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि मशीन, कच्चा माल, तैयार माल और अन्य सामग्री पूरी तरह जल गई। फैक्ट्री स्वामी ने करीब डेढ़ करोड़ का नुकसान होना बताया है। बताया कि वर्ष 2011 में फैक्ट्री स्थापित की गई थी। फैक्ट्री में रखे अग्निशमन उपकरणों का प्रयोग भी किसी काम नहीं आया। इस दौरान ट्रांसफार्मर पर चिंगारी देख सूचना देकर बिजली विभाग से लाइन कट करानी पड़ी।
18 से अधिक लोग हुए बेरोजगार
पटवारी वीरेंद्र्र कुमार ने बताया कि जांच में पता चला कि फैक्ट्री स्थापित करने को तरुण रोहिला ने बैंक से एक करोड़ सत्तर लाख का कर्ज लिया था, जिसमें से एक करोड़ से अधिक का कर्ज चुकता कर दिया गया है। फैक्ट्री में आग लगने से जहां फैक्ट्री स्वामी को करोड़ों का नुकसान हुआ है वहीं 18 से अधिक लोग बेरोजगार हो गए हैं।