लोहाघाट एसबीआई में रकम निकालने के लिए उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
बैंकों और एटीएम में नकदी की कमी के कारण उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कतें शादी विवाह वाले लोगों को हो रही हैं। बैंकों में पर्याप्त मात्रा में कैश न मिलने के कारण लोगों से कर्ज लेने को मजबूर होना पड़ रहा है।
एटीएम खाली होने से लोगों की दिक्कतेें और बढ़ गई हैं। बैंकों द्वारा शादी विवाह के कार्ड दिखाने पर भी 50 हजार रुपये से अधिक नहीं मिल पा रहे हैं। बृहस्पतिवार को एसबीआई में सामान्य उपभोक्ताओं को अधिकतम 30 हजार और शादी विवाह का कार्ड दिखाने वाले लोगों को 50 हजार रुपये का भुगतान किया गया। जबकि पंजाब नेशनल बैंक में लोगों को एक लाख रुपये तक का भुगतान किया गया। एसबीआई के शाखा प्रबंधक नरेंद्र कुमार का कहना है कि चेस्ट ब्रांच से पर्याप्त मात्रा में रकम न मिलने के कारण दिक्कतें हो रही हैं। उनका कहना है कि शीघ्र ही बैंक को पैसा मिलने की उम्मीद है। बैंक में लेन देन के लिए लोगों की सुबह से ही भीड़ लगनी शुरू हो जा रही है।