पुलिस ने चरस तस्करी के धंधे में लिप्त बरेली जिले के दो तस्करों को डेढ़ किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे विचई गांव के पास मनिहारगोठ तिराहे में दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में हाथ में थैले लिए खड़े दिखाई पड़े। पुलिस को देख दोनों भागने का प्रयास करने लगे, इससे पहले की वे फरार हो पाते पुलिस जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। उनके थैलों की तलाशी ली गई तो दोनों के पास से चरस बरामद हुई। कोतवाल वीसी शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रहीस अहमद निवासी नवाबगंज बरेली के पास से एक किलो और दूसरे आरोपी मो. जाकिर मकान नंबर एक बगिया वार्ड नं. 5 नवाबगंज बरेली के पास से 500 ग्राम चरस बरामद हुई है। कोतवाल ने पकड़े गए आरोपियों से की गई पूछताछ का हवाला देते हुए बताया कि आरोपी पर्वतीय क्षेत्र से चरस खरीद कर नवाबगंज ले जा रहे थे। टीम में उप निरीक्षक दीवान सिंह जलाल, बूम चौकी इंचार्ज दामोदर भट्ट, कांस्टेबल दीपक सिंह, किशन और जीवन शामिल थे।