एसएसबी की 57वीं बटालियन की सी कंपनी के गश्ती दल ने बीती रात गर्म कपड़े, डीजल और केरोसिन पकड़कर भारत-नेपाल के बीच चोर रास्तों से तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पकड़ा गया सामान कस्टम विभाग के खटीमा कार्यालय के सुपुर्द किया गया है। वहीं तस्कर अंधेरे का फायदा उठा फरार हो गए।
बूम स्थित कैंप कार्यालय के एसएसबी जवानों का दल एएसआई दयाराम बिष्ट के नेतृत्व में शारदा के तट पर बॉर्डर पर बुधवार रात गश्त कर रहा था। तभी सीमा स्तंभ संख्या 810 सीए के पास उन्हें तीन संदिग्ध लोग सामान लेकर नदी की तरफ जाते दिखाई दिए। इससे पूर्व कि एसएसबी के जवान उन्हें दबोच पाते तस्करों ने उन्हें देख लिया और वे सामान छोड़कर फरार हो गए।
एएसआई बिष्ट ने बताया कि बरामद सामान में बड़ी मात्रा में स्वेटर आदि गर्म कपड़ों के अलावा 50 लीटर डीजल और 35 लीटर केरोसिन मिला है। गश्ती दल में मनोज कुमार, राजकुमार, रवि कुमार आदि जवान शामिल थे।