शहर के नजदीक के एक मोहल्ले में नगर पालिका के एक कर्मी पर शादी का झांसा देकर लंबे समय से एक महिला का यौन शोषण का आरोप है। तलाकशुदा महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली के मुताबिक इस महिला का पिछले साल उप्र के बरेली में विवाह हुआ था। कुछ माह बाद महिला अपने पति से अलग होकर मायके आ गई।
आरोप है कि इस दौरान मायके के पास रहने वाले एक युवक ने शादी का झांसा देकर महिला का यौन शोषण किया। पिछले महीने महिला ने एक संतान को जन्म दिया, लेकिन युवक ने महिला और उसकी संतान को अपनाने से इनकार कर दिया। कोतवाल एचएस फिरमाल ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी नगर पालिका के ड्राइवर मनोज कुमार के खिलाफ बुधवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 376 व 366 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। चंपावत बाजार चौकी के प्रभारी लक्ष्मण सिंह को जांच अधिकारी बनाया गया है।