फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हत्या की दो वारदातों से टनकपुर में सनसनी

Thu, 17 Dec 2015 10:16 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, टनकपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
क्षेत्र में हत्या की दो वारदातों से सनसनी फैल गई है। एक वृद्ध का शव सैलानीगोठ गांव के पास रेलवे पटरी के किनारे झाड़ी में पड़ा मिला तो एक युवक का शव शारदा घाट के सामने नदी के बीच टापू में मिला है। वृद्ध के दोनों हाथ पीछे की तरफ बंधे थे और सिर एवं हाथ में चोट के निशान हैं। युवक की हत्या उसी के जूतों की लैसों से गला घोंटकर की गई प्रतीत हो रही है। वृद्ध सूखीढांग का रहने वाला था, जबकि शारदा टापू में मिले युवक के शव की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने वृद्ध के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। खबर लिखे जाने तक युवक के शव को पुलिस वारदात स्थल से नहीं ला पाई थी।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार सुबह सैलानीगोठ के प्रधान बसंत राय ने पुलिस को सूचना दी कि रेलवे लाइन के किनारे झाड़ी में एक वृद्ध का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को झाड़ी से बाहर निकाला तो उसके दोनों हाथ उसी के कुर्ते से पीछे की तरफ बंधे थे और सिर एवं हाथ में चोट के निशान थे। शव के पास उसकी चप्पलें पड़ी थी। छानबीन में पता चला कि वृद्ध सूखीढांग के ग्राम जौल का निवासी पुष्कर दत्त गहतोड़ी (65) है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि कुछ समय से देव प्रकोप के कारण उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वे रविवार को घर से टनकपुर आए थे। बुधवार के दिन कुछ लोगों ने उन्हें बाजार में देखा भी था। परिजनों ने बताया कि वृद्ध का बेटा हरियाणा में पुरोहित का कार्य करता है। उसके पहुंचने के बाद ही मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।

इधर, पुलिस पंचनामा भर वृद्ध के शव का पोस्टमार्टम करा ही रही थी कि शारदा चुंगी क्षेत्र के लोगों ने घाट के सामने नदी के बीच टापू पर एक और शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। इससे पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस वहां पहुंची तो शव की स्थिति देख दंग रह गई। इस युवक की जूतों के लैसों से गला घोंटकर हत्या की गई है। मृतक ने काले रंग की जींस जैकेट, काले रंग का जींस पेंट और उसके ऊपर से आर्मी कलर का पेंट पहन रखा है जो आधा खुला था। शव वारदात स्थल पर बैठने को बिछाई गई प्लास्टिक की पन्नी के ऊपर पड़ा था। सफेद रंग के स्पोर्ट्स जूते शव के पास ही पड़े थे, जिनके लैसों से ही उसका गला घोटा गया था।
विज्ञापन


वारदात स्थल के आसपास शराब की फूटी बोतल का तला, सिगरेट का खाली डिब्बा, बीड़ी का आधा पैकेट और तीन यूज एंड थ्रू गिलास पड़े मिले, जिससे ऐसा लग रहा है कि हत्यारों ने पहले उसके साथ दावत उड़ाई और फिर वारदात को अंजाम दिया है। बहरहाल पुलिस हत्या की इन दोनों वारदातों की जांच-पड़ताल में जुट गई है। प्रभारी कोतवाल विनोद यादव का कहना है कि दोनों मामलों की छानबीन की जा रही है। दोनों की हत्या की गई है या नहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस बारे में कुछ कहा जा सकता है।

तहसील में मुलायम के खिलाफ नारे लगाते रहता था वृद्ध
संदिग्ध अवस्था में मृत मिला वृद्ध पुष्कर दत्त गहतोड़ी देवी प्रकोप के कारण बिगड़ी मानसिक स्थिति में आए दिन तहसील परिसर में अकेले मुलायम सिंह के खिलाफ नारे लगाता रहता था, जिस कारण तहसील कर्मियों के साथ ही शहर के ज्यादातर लोग उसे पहचानते थे।

हत्या के पीछे कहीं तस्करी का धंधा तो नहीं?
शारदा टापू में हत्या के खेल के पीछे कहीं नेपाल से तस्करी का धंधा तो नहीं है? वारदात स्थल के हालात से लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं है। शारदा के जिस टापू में हत्यारों ने वारदात को अंजाम दिया है। वह टापू नेपाल से तस्करी का धंधा करने वालों का अड्डा बताया जाता है। बताते हैं कि वाहनों के हवा भरे ट्यूबों के सहारे तस्करी के सामान को नदी के रास्ते आर-पार किया जाता है।

युवक की जेब में मिली आईडी, पुलिस सत्यापन कराने में जुटी
शारदा टापू में मृत मिले युवक की जेब से पहचान पत्र की छायाप्रति मिली है। यदि यह पहचान पत्र युवक का ही निकला तो मृतक नेपाल का रहने वाला है। मिले पहचान पत्र का पुलिस सत्यापन करने में जुट गई है। प्रभारी कोतवाल विनोद यादव ने बताया कि मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र में नाम चित्र बहादुर पुरी पुत्र मेवालाल पुरी और निवासी घाघरी पितलंगा जिला सल्यान लिखा है। नेपाल का यह जिला मध्य पश्चिम नेपाल क्षेत्र में है। कोतवाल ने बताया कि नेपाल पुलिस से संपर्क कर पहचान पत्र का सत्यापन कराया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें