एसएसबी ने बालश्रम के लिए भारत लाए जा रहे 11 बच्चों को एक व्यक्ति से मुक्त कराकर रीड्स संस्था के सुपुर्द किया है। बच्चों में एक लड़का और दस बालिकाएं हैं। सभी नाबालिग हैं। एक नेपाली नागरिक उन्हें चकरपुर (खटीमा) में खेतों में फसल कटाई के लिए ले जा रहा था।
एसएसबी की 57वीं वाहिनी के जवानों ने नेपाल से एक व्यक्ति को 10 बालिकाओं और एक बालक के साथ भारत की ओर आता देखा। पूछताछ में नेपाली व्यक्ति ने अपना नाम सुक्रिम राणा (55) बताया। उसके पास बच्चों से संबंधित कोई आईडी या दस्तावेज नहीं थे। उसने बच्चों को चकरपुर में खेतों में फसल कटाई के लिए ले जाना बताया। बताया कि काम संपन्न होने के बाद उन्हें घर भेजा जाएगा।
एसएसबी ने बालश्रम से जुड़ा मामला देख बालक और बालिकाओं को रीड्स संस्था के उज्वला पुनर्वास केंद्र के सुपुर्द कर दिया। संस्था के परियोजना निदेशक जनक चंद ने बताया कि बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। सभी बच्चे महेंद्रनगर स्थित देखत मली जाई गांव के थारू जनजाति के हैं।