शाहजहांपुर से टनकपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन बुधवार को बनबसा के पास दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। क्षेत्र में हुई बारिश से रेल की पटरियां धंस गईं थी। समय पर लोगों के सूचना देने से ट्रेन को मौके से कुछ पहले ही रोक लिया गया। रेलवे कर्मियों द्वारा पटरियों की मरम्मत करने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया, जिस कारण यह ट्रेन करीब एक घंटा देरी से टनकपुर पहुंची। इस दौरान यात्रियों को भी खासी दिक्कतें हुई।
क्षेत्र में बुधवार को हुई बारिश से बनबसा से करीब चार किमी पहले जगबूड़ा पुल के पास रेल की पटरियां धंस गईं। इस स्थान पर रेलवे की ओर से पटरियां चौड़ा करने का कार्य भी चल रहा है। पटरियां धंसने की सूचना आसपास के लोगों ने बनबसा स्टेशन मास्टर को दी। इस पर बनबसा से रेलवे का स्टाफ मौके पर पहुंचा। इस बीच 11.43 बजे शाहजहांपुर से टनकपुर को आ रही ट्रेन (52/229) भी वहां पहुंच गई। इस पर रेलवे स्टाफ ने ट्रेन को वहीं पर रोक दिया। इसके बाद पटरियों की मरम्मत कर ट्रेन को टनकपुर के लिए रवाना किया गया।
स्टेशन मास्टर डीएस दरियाल ने बताया कि बारिश के कारण मिट्टी कट गई थी, जिससे पटरियां धंस गई थी। पटरियों की मरम्मत कर ट्रेन को सही सलामत रवाना किया गया। ट्रेन बनबसा स्टेशन पर करीब 12.45 पहुंची, जिससे यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।