बरेली डिपो की एक बस के चालक-परिचालक की लापरवाही से एक यात्री की जान चली गई। चलती बस से गिरकर यात्री की मौत हो गई। घटनास्थल पर रुकने के बजाय चालक और परिचालक बस लेकर टनकपुर पहुंचे और वर्कशाप में बस खड़ी कर फरार हो गए। इधर, सूचना पर मृतक के परिजन टनकपुर पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
सोमवार को सैनिक छावनी के पास टनकपुर आ रही बरेली डिपो की बस से एक यात्री चलती बस से गिरा। यात्री के गिरते ही चालक बस लेकर टनकपुर की ओर चलता बना। यात्री को गिरा पड़ा देख विचई निवासी महिला गीता चंद ने घटना स्थल पर रुके कुछ लोगों की मदद से घायल को सीएचसी पहुंचाया जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सा अधीक्षक डा. एचएस ह्यांकी के मुुताबिक मौत की वजह सिर में गंभीर चोट लगना हो सकती है। मृतक के पास मिले पहचान पत्र से उसकी पहचान दामोदर भट्ट (47) पुत्र राम दत्त निवासी लेकम गाउपालिका 2 दार्चुला के रूप में हुई। कोतवाल अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि वर्तमान में दामोदर किराए के मकान में परिवार के साथ चंदनी बनबसा में रह रहा था। सोमवार को वह खटीमा गया था। कोतवाल ने बताया कि छानबीन में जो बात सामने आई है उसके मुताबिक बस में बैठे-बैठे दामोदर को नींद आ गई। वह बनबसा में उतरने के बजाय सैनिक छावनी पहुंच गया, अचानक नींद टूटी तो उतरने के लिए उसनेे बस रुकवाई और नींद के झोंके में वह चलती बस से कूद पड़ा। कोतवाल ने बताया कि घटना के बाद टनकपुर पहुंचे चालक व परिचालक ने यात्रियों को स्टेशन में उतारने के बाद बस को रोडवेज वर्कशाप में ले जाकर खड़ी की और फरार हो गए। पुलिस ने घटना में लिप्त बस को सीज कर दिया गया है।