22 सितंबर की रात को कथित रूप से भगाई गई नेपाली विवाहिता के मामले में नया मोड़ आया है। नेपाली महिला टनकपुर में अपने रिश्तेदार के यहां है। उसने खुद अपने पति पर मारपीट का आरोप लगाया है।
चंपावत की एक दुकान में काम करने वाले नेपाली व्यक्ति ने बृहस्पतिवार को कोतवाली में तहरीर देकर एक कबाड़ी पर पत्नी को भगाने का आरोप लगाया था। नेपाली महिला के साथ उसके दोनों बच्चे भी चल दिए थे। भाजपा और कुछ हिंदूवादी संगठनों ने भी इस मसले में महिला की जल्द बरामदगी की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को कोतवाल से मुलाकात की थी, मगर शुक्रवार को मामले ने नया मोड़ लिया।
कोतवाल देवेंद्र सिंह दिगारी ने बताया कि नेपाली महिला कबाड़ी के बजाय टनकपुर में अपने रिश्तेदार के घर गई हुई है। महिला ने अपने पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। अलबत्ता लिखित रूप से थाने में शिकायत नहीं की है। कोतवाल का कहना है कि बनबसा के कबाड़ी से स्थानीय पुलिस ने पूछताछ की थी। पुलिस के मुताबिक कबाड़ी ने महिला को भगाने की बात से इनकार करते हुए उससे परिचय की बात कबूली है।